Vasai Virar Dead Bodies: 16 दिन, 6 लाशें और बढ़ता खौफ! क्या वसई-विरार बन गया ‘डंपिंग ग्राउंड’? गहराया रहस्य
Vasai Virar Dead Bodies: मुंबई के वसई-विरार में 16 दिनों में 6 शव मिलने से दहशत फैल गई, लगातार घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी, डर और सवाल बढ़ते जा रहे
Vasai Virar Dead Bodies: मुंबई से सटे वसई-विरार इलाके में बीते कुछ दिनों से एक के बाद एक शव मिलने की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। महज 16 दिनों के भीतर 6 लाशों की बरामदगी ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया है। हालात ऐसे हैं कि हर नई खबर के साथ डर और सवाल दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
कचरे के ढेर में मिला सड़ा-गला शव
रविवार शाम विरार फाटा के पास मुंबई-अहमदाबाद हाईवे किनारे कचरे के ढेर से 45 से 50 साल के एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव बुरी तरह सड़ चुका था और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हत्या या हादसा?
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह मौत दुर्घटना है या फिर सुनियोजित हत्या। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने इस रहस्य को और गहरा कर दिया है।
पिछले 16 दिनों में 6 लाशें
इलाके में हाल ही में सामने आए मामलों ने लोगों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है।
21 मार्च, शिरवली (विरार पूर्व): एक महिला का सड़ा-गला शव मिला। जांच में खुलासा हुआ कि उसके पति ने ही हत्या की थी। आरोपी गिरफ्तार।
23-24 मार्च, नालासोपारा (धानिवबाग): 6 साल की मासूम बच्ची का शव कुएं में मिला। मौत की वजह अब तक साफ नहीं, लोगों में गुस्सा।
26-27 मार्च, पेल्हार फाटा: एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिला। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया, कारण आर्थिक विवाद बताया गया।
28-29 मार्च, नालासोपारा पश्चिम (डी-मार्ट क्षेत्र): नाले में अज्ञात महिला की लाश मिली, पहचान अब तक नहीं हो पाई।
30-31 मार्च, फूलपाड़ा (विरार): एक और अज्ञात शव मिला, जिसकी जांच अभी जारी है।
लोगों में डर
लगातार मिल रही लाशों ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना दिया है। लोग अब अपने इलाके की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। खासकर सुनसान जगहों और कचरे के ढेरों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस की बढ़ी चुनौती
हर मामले की प्रकृति अलग होने के कारण पुलिस के लिए यह और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है कि इन घटनाओं के बीच कोई कड़ी है या नहीं। फिलहाल हर केस को अलग-अलग एंगल से जांचा जा रहा है। वसई-विरार में मिल रही इन रहस्यमयी लाशों ने पूरे इलाके को सस्पेंस और डर के घेरे में डाल दिया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है की क्या ये महज संयोग है या किसी बड़े राज का संकेत?
Shagun Chaurasia